home page

गैंगस्टर-आर्म्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, सात आरोपित गिरफ्तार

 | 
गैंगस्टर-आर्म्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, सात आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल गैंगस्टर और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस ऑपरेशन में कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, नकदी, सोना-चांदी, लग्जरी घड़ियां और एक मॉडिफाइड बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो बरामद की है।

बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस की टीमों ने यह संयुक्त कार्रवाई अलीपुर थाना और एएटीएस के साथ मिलकर की।

अलीपुर में छापा, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त के अनुसार 19 मार्च को पुलिस को ताजपुर कलां गांव में हथियारबंद अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद एसएचओ अलीपुर के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर पहले अमित (37) को उसकी किआ सोनेट कार के साथ पकड़ा। जिसके पास से हथियार और कारतूस मिले। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मकान में दबिश देकर गैंग के सरगना प्रदीप उर्फ नीतू उर्फ सहवाग (37) को दबोचा। साथ ही उसके दो साथी साहिल (26) और विकास (25) को भी पकड़ा गया। इस बीच पुलिस ने एक मॉडिफाइड काली स्कॉर्पियो, जिसे बुलेटप्रूफ बनाया गया था। इसके अलावा शॉटगन, 2 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 22 जिंदा कारतूस (विभिन्न बोर), 19,78,850 नकद, 916 ग्राम सोना और 940 ग्राम चांदी, 13 लग्जरी घड़ियां, 27 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप (ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल) और एक किआ सोनेट कार बरामद की।

टिल्लू गैंग से जुड़ा मास्टरमाइंड

मुख्य आरोपित प्रदीप इलाके का ‘घोषित बदमाश’ है और उसके खिलाफ पहले से 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह टिल्लू गैंग का सक्रिय सदस्य है और सट्टेबाजी, फाइनेंसिंग व प्रॉपर्टी डीलिंग के जरिए नेटवर्क चला रहा था। उसके साले विकास और रिश्तेदार साहिल हरियाणा के करनाल से आकर वसूली का काम संभालते थे।

एएटीएस की कार्रवाई: अवैध हथियार सौदे का भंडाफोड़

वहीं दूसरे मामले में 14 मार्च को एएटीएस टीम को बावाना इलाके में हथियारों की डील की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपित मौके पर पकड़े गए, जबकि एक बाद में गिरफ्तार हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में रवि सिंह (29), मोहम्मद साहिल (25) और मोहम्मद अकरम उर्फ साहिल (22) शामिल हैं। पुलिस ने इनसे पांच देसी पिस्टल, दो रिवॉल्वर, एक शॉटगन, दो देशी कट्टे, 5 मैगजीन, 30 से ज्यादा जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, आरोपित सुनसान जगहों पर हथियारों की डील करते थे और पकड़ से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदलते थे। इस पूरे नेटवर्क के फाइनेंशियल लिंक और अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता है, जिससे राजधानी में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी