नरेला सीएनजी पंप फायरिंग मामले में आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के नरेला इलाके में सीएनजी पंप पर हुई फायरिंग की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा, कारतूस और बाइक भी बरामद की है।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने रविवार काे बताया कि 18 अप्रैल को सेक्टर-A7 स्थित एक सीएनजी पंप, जो सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल के पास है, वहां गोली चलने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता गोपाल के बयान के आधार पर नरेला थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे कुछ ही घंटों में दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 31 वर्षीय विनीत कुमार उर्फ बिन्नी के रूप में हुई है। वह नरेला के पाना मामूरपुर इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि उसका एक दिन पहले सीएनजी पंप के कर्मचारियों से विवाद हो गया था। इसी रंजिश में उसने देशी कट्टा का इंतजाम किया और वापस पंप पर जाकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशाी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा, गोली का टुकड़ा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

