बच्चों के बैंक के नकली नोट देकर एक लाख की ठगी, इंस्टाग्राम पर फंसाया, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। इंस्टाग्राम के जरिए जल्दी पैसे कमाने का झांसा देकर एक युवक से एक लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने उसे तीन लाख रुपये के नोट देने का लालच दिया, लेकिन रकम लेने के बाद बच्चों के खेलने वाले नकली नोटों से भरा पैकेट थमा दिया। शिकायत मिलने पर बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बुधवार को बताया कि पीड़ित 21 वर्षीय युवक बुराड़ी का रहने वाला है और टूर एंड ट्रैवल का काम करता है। कुछ दिन पहले उसकी इंस्टाग्राम पर जितेंद्र नामक युवक से पहचान हुई। बातचीत के दौरान जितेंद्र ने दावा किया कि उसके पास बैंक के रिजेक्टेड नोट हैं और वह एक लाख रुपये के बदले तीन लाख रुपये दिला सकता है। लालच में आकर पीड़ित सौदे के लिए तैयार हो गया।
चार मई को पीड़ित महिपालपुर में आरोपितों से मिला और पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपितों ने दोबारा संपर्क कर जितेंद्र की मां की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और 50 हजार रुपये और मांग लिए। भरोसा कर पीड़ित ने दूसरी रकम देने के लिए हामी भर दी।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार सौदा पूरा करने के लिए आरोपित पीड़ित को सिंघु बॉर्डर के पास नरेला बुलाकर ले गए। वहां पीड़ित ने शेष रकम भी दे दी। बदले में आरोपितों ने उसे सीलबंद पैकेट सौंप दिया और चले गए। पैकेट खोलने पर पीड़ित के होश उड़ गए। उसमें असली नोटों की जगह नकली करीब 600 खिलौना नोट रखे थे। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने आरोपितों का पीछा किया। इस दौरान दोनों पक्षों की गाड़ियों में टक्कर भी हुई। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नरेला थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र और हरियाणा के भिवानी निवासी 25 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नरेला थाने में धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, करीब 600 नकली खिलौना नोट, 1.32 लाख रुपये से भरा बैग तथा वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार बरामद की है। जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने इसी तरह और कितने लोगों को शिकार बनाया है तथा इनके साथ कोई बड़ा गिरोह तो नहीं जुड़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

