home page

फार्मेसी की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद

 | 
फार्मेसी की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद


नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। बाहरी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने फार्मेसी की आड़ में चल रहे अवैध ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से कोडीन सिरप, ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम समेत भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार 28 अप्रैल को एएटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि निलोठी के चंदर विहार स्थित एक केमिस्ट शॉप की आड़ में मनोज उर्फ मनीष नामक व्यक्ति प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री कर रहा है और नशे के आदी लोगों को सप्लाई देता है। सूचना के आधार पर एएटीएस ने ड्रग्स विभाग के साथ संयुक्त छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान आरोपित मनोज कुमार उर्फ मनीष (31) काे निहाल विहार से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान दुकान से 50 बोतल कोडीन सिरप, 499 कैप्सूल व 400 ट्रामाडोल टैबलेट तथा 240 अल्प्राजोलम कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक यह सभी प्रतिबंधित दवाएं दुकान के अंदर एक ढके हुए प्लास्टिक बॉक्स में छिपाकर रखी गई थीं। बरामद दवाओं के बैच नंबर और एक्सपायरी डेट भी मिटाए गए पाए गए। मामले में निहाल विहार थाने में एफआईआर संख्या 307/2026 के तहत एडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(सी), 22(बी), 22(सी) तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर बरामद दवाओं को जब्त कर लिया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित को यह प्रतिबंधित दवाएं कहां से मिल रही थीं और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी