जुआ और अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 24 लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। बाहरी जिला पुलिस ने संगठित अपराध पर शिकंजा कसते हुए विशेष अभियान के तहत 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जुआ और अवैध शराब के मामलों में 11 केस दर्ज कर 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान जुए में इस्तेमाल की जा रही 68,840 रुपये की नकदी और अवैध शराब के 4,242 क्वार्टर बरामद किए गए हैं।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देश पर इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान गश्त और निगरानी बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस अधिकारी के अनुसार अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जुआ खेलते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों के पास से 68,840 रुपये नकद और जुआ खेलने का सामान बरामद किया गया। ये मामले रानी बाग, राज पार्क, सुल्तानपुरी और रणहोला थाना क्षेत्रों में दर्ज किए गए हैं। वहीं अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4,242 क्वार्टर शराब बरामद की। इस दौरान शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार कारों को भी जब्त किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार एक मामले में आरोपित बिना वैध परमिट के शराब की ढुलाई और बिक्री करता पाया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

