home page

नांगलोई में विदेशी नागरिक ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, 8.4 ग्राम एमडीएमए बरामद

 | 
नांगलोई में विदेशी नागरिक ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, 8.4 ग्राम एमडीएमए बरामद


-युगांडा का रहने वाला आरोपित, पहले भी विदेशी अधिनियम के मामले में रहा शामिल

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिला पुलिस ने नांगलोई इलाके में कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान युगांडा (अफ्रीका) निवासी न्याजी उर्फ यांजे (43) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 8.4 ग्राम एमडीएमए (ड्रग्स) बरामद किया गया है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने रविवार को बताया कि 11-12 अप्रैल की दरम्यानी रात थाना नांगलोई को सूचना मिली थी कि रोहतक रोड स्थित लोकेश सिनेमा के पास एक संदिग्ध विदेशी व्यक्ति मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम जब मौके पर पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान न्याजी उर्फ यांजे के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ, जिसमें सफेद रंग का क्रिस्टलनुमा पदार्थ था। मौके पर बुलाए गए एफएसएल दल ने फील्ड टेस्टिंग के दौरान इसे एमडीएमए मादक पदार्थ पाया। बरामद पदार्थ का कुल वजन 8.4 ग्राम निकला। पुलिस ने इस संबंध में नांगलोई थाने में एफआईआर संख्या 144/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही बरामद मादक पदार्थ को विधि अनुसार जब्त कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ पहले से विदेशी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपि को यह ड्रग्स कहां से मिला और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी