home page

पीरागढ़ी टेंपो स्टैंड पर गार्ड की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, दो नाबालिग समेत चार को दबोचा

 | 
पीरागढ़ी टेंपो स्टैंड पर गार्ड की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, दो नाबालिग समेत चार को दबोचा


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। बाहरी जिला पुलिस ने पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र के पीरागढ़ी गांव स्थित टेंपो स्टैंड पर गार्ड की हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को पकड़ा गया है। जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने पहले चौकीदार को डंडे से पीटा और फिर एसयूवी से दो बार कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन और डंडा भी बरामद कर लिया है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने मंगलवार को बताया कि 24 मई की सुबह करीब 4:03 बजे पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस को पीरागढ़ी गांव के एंट्री गेट स्थित टेंपो स्टैंड पर एक हादसे की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां 60 वर्षीय बिजेंद्र मृत हालत में मिले। उनके शरीर पर गंभीर चोट और कुचले जाने के निशान थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बिजेंद्र टेंपो स्टैंड पर चौकीदार के रूप में काम करते थे। घटनास्थल पर वाहन के टायरों के निशान मिलने के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई। पास के एक मंदिर में लगे कैमरे की फुटेज में पूरी वारदात कैद मिली। जांच में सामने आया कि एक चार पहिया वाहन मौके पर पहुंचा। उसमें से एक युवक उतरा और चौकीदार पर डंडे से हमला कर दिया। इसी दौरान चालक ने वाहन तेजी से बिजेंद्र की तरफ बढ़ाया। चौकीदार जान बचाने के लिए भागे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें दो बार गाड़ी से कुचल दिया।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम विहार वेस्ट थाना और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने आरोपितों तक पहुंचने के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। 25 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित हरिद्वार भागने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में जाल बिछाया गया। पुलिस ने काले रंग की महिंद्रा बोलेरो नियो को रोककर उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया। इनमें हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी 22 वर्षीय विनय और नजफगढ़ निवासी 18 वर्षीय आयुष चौहान बालिग निकले, जबकि दो आरोपित नाबालिग पाए गए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि करीब एक महीने पहले मृतक और एक नाबालिग आरोपित के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि चौकीदार ने नाबालिग को अपशब्द कहे थे। इसी बात का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक 24 मई की तड़के आरोपित चौकीदार के पास पहुंचे, पहले धमकाया, डंडे से हमला किया और फिर गाड़ी से कुचल दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपित वारदात के बाद बचने के लिए गाड़ी की असली नंबर प्लेट भी हटा चुके थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बोलेरो और डंडा बरामद कर लिया है। सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि कुछ आरोपित पहले भी हरियाणा के बहादुरगढ़ में इसी तरह की घटना में शामिल रहे हो सकते हैं। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी