घर के बाहर धूप सेक रहे बुजुर्ग को बेकाबू कार ने कुचला
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बेकाबू कार ने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर धूप सेक रहे बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ठेला करीब 10 फीट दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक का पीछा किया, लेकिन भीड़ को इकट्ठा होते देखकर चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि हादसे में मोहन लाल (66) पुत्र हंसराज निवासी सिंधी कॉलोनी कच्ची बस्ती, जवाहर नगर की मौत हुई है। परिजनों ने उन्हें धूप सेकने के लिए घर के बाहर सड़क किनारे कुर्सी पर बैठाया था। इसी दौरान दोपहर करीब 4:30 बजे शांति पथ की ओर से तेज रफ्तार में आई कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बुजुर्ग को कुचलने के बाद बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला करीब 10 फीट दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कार लेकर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल मोहन लाल को परिजन एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जवाहर नगर थाना पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में कार से बुजुर्ग को टक्कर मारने और ठेले को क्षतिग्रस्त करने की घटना कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर कार और फरार चालक की पहचान कर तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

