उरई पुलिस का बड़ा खुलासा: हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, महिला समेत दो गिरफ्तार
उरई, 21 जुलाई (हि.स.)। कोतवाली उरई पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला और उसके पुरुष साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को निशाना बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग करता था।
पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को एक पीड़ित ने कोतवाली उरई में तहरीर देकर बताया कि 19/20 जुलाई की रात शहर के जायसवाल टावर होटल में एक महिला और उसके साथी ने उसे बुलाया। वहां महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाने की धमकी देते हुए उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत के आधार पर कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन विनय सिंह के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली उरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कौसल्या पत्नी स्व. इंद्रपाल निवासी मवई, थाना कुरारा, जनपद हमीरपुर तथा गणेश चंद्र पांडेय पुत्र रामनारायण निवासी कचचारा, थाना खन्ना, जनपद महोबा शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पहले महिला के माध्यम से संपर्क स्थापित किया जाता था, फिर होटल या अन्य स्थान पर बुलाकर झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इसके बाद समझौते के नाम पर लाखों रुपये की रंगदारी मांगी जाती थी। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी इससे पहले हमीरपुर, महोबा और जालौन जनपदों में भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
हालांकि अधिकांश पीड़ित बदनामी के डर से पुलिस के पास नहीं पहुंचे। अब पुलिस इन मामलों की जानकारी जुटा रही है और संभावित पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के थानों के साथ-साथ सीमावर्ती जनपदों और अन्य राज्यों से भी जुटाई जा रही है। जांच में यदि गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

