home page

यमुनानगर:36 लाख की अफीम के साथ तीन महिलाएं व एक युवक गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर:36 लाख की अफीम के साथ तीन महिलाएं व एक युवक गिरफ्तार


यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 36 लाख रुपये मूल्य की पांच किलो 914 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया है। डीएसपी राजीव मिगलानी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि खारवन रोड क्षेत्र में दो महिलाएं संदिग्ध हालत में मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम का गठन कर मौके पर कार्रवाई की गई। टीम ने क्षेत्र में घूम रही दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की। नियमानुसार मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया और उनकी उपस्थिति में दोनों महिलाओं की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 5 किलो 914 ग्राम अफीम बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान बिहार के मोतिहारी क्षेत्र की रहने वाली नाजरा खातून और तूफान के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह मादक पदार्थ यमुनानगर क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए उन लोगों की पहचान की, जिन्हें यह अफीम पहुंचाई जानी थी।

इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगाधरी रोड स्थित तिकोनी चौक क्षेत्र से रामपुर निवासी जुल्फकार और मुजफत निवासी प्रमिला को भी गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि जुल्फकार के खिलाफ पहले से भी नशा तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार