home page

मंदसौर: प्याज के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे डोडाचूरा, बोलेरो सहित 4 तस्कर गिरफ्तार

 | 
मंदसौर: प्याज के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे डोडाचूरा, बोलेरो सहित 4 तस्कर गिरफ्तार


मंदसौर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले की नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त किया है। तस्कर इसे बिना नंबर की बोलेरो में प्याज के नीचे छिपाकर राजस्थान ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन सहित करीब 10 लाख रुपए का माल जब्त किया है।

नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि खेडा क्षेत्र से तस्कर बोलेरो में डोडाचूरा भरकर बिल्लोद-नाहरगढ़ मार्ग से राजस्थान जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पुलिया के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

तलाशी के दौरान वाहन में ऊपर प्याज भरे मिले। शक होने पर जब पुलिस ने प्याज हटवाए, तो नीचे चार ट्रॉली बैग बरामद हुए, जिनमें डोडाचूरा भरा हुआ था। तौल करने पर इसका वजन करीब 1 क्विंटल 4 किलो पाया गया।

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों—किशोर राव भाट (मंदसौर), सोनू सेन (गंगानगर), ताराचंद मेघवाल और हरिकिशन नायक (दोनों अनूपगढ़, राजस्थान)—को गिरफ्तार किया है। वहीं सप्लायर और मुख्य सरगना फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जांच में वाहन से तीन फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी हर बार नंबर प्लेट और रूट बदलकर तस्करी करते थे, ताकि पकड़े न जा सकें। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इससे पहले सात बार तस्करी कर चुके थे और यह उनकी आठवीं खेप थी।

आरोपियों ने बताया कि डोडाचूरा काल्याखेड़ी निवासी श्रवण सिंह से खरीदा गया था, जिसे जयपुर-झुंझुनूं पहुंचाने की योजना थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया