बैर के पेड़ के नीचे गड्ढे में छिपा रखी थी अफीम: एएनटीएफ ने पकड़ी 8.202 किलो खेप
जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। ‘नशा मुक्त राजस्थान-2029’ अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ ने बाड़मेर में लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र के जुनेजा मेहरों की बस्ती, हरियाली ग्राम पंचायत भाड़खा में बैर के पेड़ के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई 8.202 किलोग्राम अफीम बरामद की। इसमें 7.186 किलोग्राम अफीम का दूध और 1.016 किलोग्राम विनिर्मित अफीम शामिल है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 85 लाख रुपए बताई गई है। मामले में मोडाराम पुत्र मुलाराम प्रजापत को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना मिली थी कि मोडाराम अपने घर और खेत में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करता है और बड़ी मात्रा में नशा छिपाकर रखता है।
सूचना पर एएनटीएफ टीम उसके घर पहुंची तो खेत में मौजूद मोडाराम पुलिस को देखकर घबरा गया। पूछताछ के बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया और एएनटीएफ व बाड़मेर ग्रामीण थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घर और खेत की तलाशी ली। तलाशी में बैर के पेड़ के नीचे मिट्टी के अंदर गड्ढे में छिपाकर रखी अफीम बरामद हुई।
एएनटीएफ ने दो दिन पहले भी बाड़मेर में जमीन के नीचे गड्ढे में छिपाकर रखी गई अफीम, विनिर्मित अफीम और डोडा-चूरा की बड़ी खेप बरामद की थी। इसके बाद टीम ने जमीन के नीचे मादक पदार्थ छिपाने वाले संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई।
आईजी विकास कुमार ने कहा कि तस्कर नशे की खेप छिपाने के नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन एएनटीएफ का सूचना तंत्र ऐसे ठिकानों तक पहुंच रहा है। कार्रवाई में शामिल टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

