तमनार के आमाघाट में ‘नशे की खेती’ का भंडाफोड़ सब्जियों की आड़ में उगाई जा रही थी अफीम
-झारखंड की महिला आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़ , 21 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में पुलिस ने दबिश देकर लगभग एक एकड़ क्षेत्र में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए आरोपित ने मुख्य फसल के रूप में सब्जियों के बीच अफीम के पौधों को छिपा रखा था। पुलिस ने इस मामले में झारखंड निवासी एक महिला को हिरासत में लिया है और एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस लगातार मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 19 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आमाघाट क्षेत्र के एक दुर्गम खेत में अफीम की अवैध फसल लहलहा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तमनार पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी नजारा देख दंग रह गई; वहां टमाटर और अन्य सब्जियों के बीच अफीम के बेशुमार पौधे लगे हुए थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से श्रीमती सुषमा खलखो (उम्र 40 वर्ष), निवासी हडंनबग, जिला खूंटी (झारखंड) को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपित महिला लंबे समय से यहां रह रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झारखंड से छत्तीसगढ़ आकर अफीम की खेती करने के पीछे किन बड़े तस्करों का हाथ है। अफीम की यह फसल लगभग एक एकड़ भूमि पर फैली हुई थी, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती केवल स्थानीय स्तर पर संभव नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच सक्रिय कोई संगठित गिरोह भोली-भाली महिलाओं या ग्रामीणों को लालच देकर इस अवैध धंधे में धकेल रहा है। कम लागत में करोड़ों के मुनाफे की चाहत में ऐसे अवैध कृत्य किए जा रहे हैं।तमनार का जंगली और ग्रामीण इलाका होने के कारण यहां बाहरी लोगों की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना चुनौतीपूर्ण होता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने ने आज अपने बयान में कहा कि “तमनार में अफीम की अवैध खेती पर की गई यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। हमने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और अब हम इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेंगे। जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए हमारा अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बेझिझक पुलिस को दें।”
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

