डॉग स्क्वॉड की मदद से पकड़ी अफीम व डोडा चूरा
चित्तौड़गढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवाड़ थाना एवं डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। एक ढाबे पर डॉग स्क्वॉड की मदद से अवैध अफीम 41.02 ग्राम अवैध अफीम एवं 267 ग्राम एवं डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित से अफीम एवं डोडा चूरा के सम्बन्ध में पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवान लाल को एएनटीएफ की और सूचना दी गई थी। इस सूचना के आधार पर मंगलवाड थानाधिकारी मय जाब्ते के चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ उदयपुर नेशनल हाईवे पर स्थित पालखेड़ी गांव की सरहद में स्थित होटल शिव कृपा जम्मू हरियाणा हिमाचल पंजाबी ढाबा पहुंचे। यहां एएनटीएफ टीम मय डॉग स्क्वायड के मिले। इन्हें साथ लेकर नियमानुसार डॉग स्क्वायड ने होटल पर तलाशी ली। यहां पर थाना क्षेत्र के नंगाखेड़ा निवासी देवीलाल पुत्र कालूलाल अहीर मिला। इसके की कब्जुशुदा होटल से कुल 41.02 ग्राम अवैध अफीम एवं 267 ग्राम अवैध डोडा चूरा मिला, जिसे जब्त किया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपित देवीलाल अहीर को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

