सिरसा: घर के आंगन में की जा रही अफीम की खेती पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 07 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव भावदीन में घर के आंगन में की जा रही अफीम की खेती पकड़ी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर साढ़े चार किलोग्राफ अफीम के हरे पौधे भी बरामद किए हैं। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव भावदीन निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव भावदीन क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव भावदीन निवासी रवि कुमार ने अपने घर के आंगन में अफीम के पौधे लगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और घर की छानबीन की तो आंगन में अफीम के हरे पौधे लगे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने मौके से रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर के आंगन की तलाशी ली जहां अफीम के कई हरे पौधे लगे हुए मिले। पुलिस ने पौधों को उखाडक़र अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ थाना डिंग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी द्वारा अफीम की खेती कब से की जा रही थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

