home page

शिमला के चौपाल में अफीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट, केस दर्ज

 | 
शिमला के चौपाल में अफीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट, केस दर्ज


शिमला, 21 मई (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल इलाके में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का मामला पकड़ा है। पुलिस ने ग्राम चिवना में एक खेत से 89 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक 20 मई को पुलिस थाना चौपाल की टीम इलाके में गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चिवना में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान स्थानीय गवाहों और राजस्व अधिकारी को भी साथ रखा गया।

जांच में खेत से कुल 89 अफीम के पौधे पाए गए।

पुलिस ने नियमानुसार 15 पौधों को नमूने के तौर पर कब्जे में लिया, जबकि बाकी 74 पौधों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत तय प्रक्रिया अपनाते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस मामले में थाना चौपाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि जिस जमीन पर अफीम की खेती मिली है, उसकी डिमार्केशन की प्रक्रिया राजस्व विभाग के माध्यम से करवाई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद जमीन के मालिक की पहचान की जाएगी और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा