home page

ऑपरेशन विषकपिल: तीन साल से फरार एक लाख का इनामी तस्कर कंवराराम बाड़मेर से गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन विषकपिल: तीन साल से फरार एक लाख का इनामी तस्कर कंवराराम बाड़मेर से गिरफ्तार


जयपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विषकपिल’ के तहत तीन साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी तस्कर कंवराराम को बाड़मेर से गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस की टॉप नार्को-25 सूची में शामिल है और उसके खिलाफ हत्या, मादक पदार्थ तस्करी सहित 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित नवरात्र में नागणेची माता की पूजा करने अपने घर आया था। पूजा के बाद वह नेपाल भागने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही एएनटीएफ टीम ने उसे पकड़ लिया।

एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि कुख्यात तस्कर कंवराराम नवरात्र में पूजा-अर्चना करने के लिए अपने घर आने वाला है। इस सूचना के आधार पर टीम ने उसके निवास के आसपास गुप्त निगरानी शुरू की। जैसे ही आरोपित घर पर नागणेची माता की पूजा कर रहा था, टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने फरारी जारी रखने के लिए बैग तैयार कर रखा था और वह नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से ठिकाने बदलकर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार कंवराराम (35) निवासी बाड़मेर है। उसने वर्ष 2009 में दसवीं तक पढ़ाई करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद पेट्रोल पंप पर सेल्समैन और फिर वाहन चालक के रूप में काम किया। वर्ष 2010 में उसके खिलाफ मारपीट और वर्ष 2013 में हत्या का मामला दर्ज हुआ। इसके बाद वह गंभीर अपराधों में शामिल हो गया। जेल से छूटने के बाद उसने अवैध शराब के कारोबार और फिर मादक पदार्थों की तस्करी का रास्ता अपना लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ मध्य प्रदेश, दक्षिण राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक तक फैले अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े 14 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में कई प्रमुख मामले शामिल हैं।

एएनटीएफ के अनुसार फरारी के दौरान आरोपित ने अपने घर के आसपास सुरक्षा और निगरानी का विशेष इंतजाम कर रखा था। उसने आठ पालतू कुत्ते पाल रखे थे। किसी बाहरी व्यक्ति या पुलिसकर्मी के घर के आसपास पहुंचने पर कुत्ते भौंकने लगते थे, जिससे आरोपित सतर्क हो जाता था और मौके से फरार हो जाता था। इस बार पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर निगरानी रखी और पूजा के दौरान दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश