ऑपरेशन शिकंजा : हत्या-लूट के आरोपित समेत 254 वारंटी गिरफ्तार
जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर दक्षिण पुलिस ने संगठित अपराध और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एक अप्रैल से 16 अप्रैल तक चले इस अभियान में 254 स्थायी वारंटी और 27 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि इस अभियान में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में फरार अपराधियों को पकड़ा गया। इस कार्रवाई के दौरान हत्या के 5, हत्या के प्रयास के 3, लूट के 10, डकैती के 1 और आर्म्स एक्ट के 3 मामलों में कुल 21 गंभीर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार प्रमुख आरोपितों में विकास मीणा, मनीष मीणा, दिलखुश, बांटी, राकेश गुर्जर, महेंद्र गुर्जर, शेरू जागा उर्फ विनोद कुमार, भोमराज कोटपा, लाला मीणा, सुरेंद्र, लालाराम, नारायण, विजय कंजर, दीपक हरवानी, विकास रैगर, रोहित धोबी, अनिल जाट, गजेन्द्र सिंह और खुशीराम गुर्जर सहित अन्य आरोपित शामिल हैं। इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे 27 इनामी अपराधियों को भी दबोचा गया, जिन पर कुल करीब 1 लाख 60 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अभियान के दौरान पुलिस ने आईसीजेएस, राजकॉप और गृह मंत्रालय के पोर्टल की मदद से अपराधियों का डाटाबेस तैयार कर उनकी धरपकड़ की। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्तों के सुपरविजन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों का गठन कर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

