home page

ऑपरेशन म्यूल हंटर : छात्रों के खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी करने वाले गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन म्यूल हंटर : छात्रों के खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी करने वाले गिरफ्तार


जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। महेश नगर थाना पुलिस और जयपुर दक्षिण साइबर सेल की टीम ने प्रदेश भर में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन म्यूल हंटर' के तहत साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ठगी के इस नेटवर्क में शामिल तीन शातिर साइबर ठगों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख पचास हजार रुपये नकद, थाईलैंड की विदेशी मुद्रा, एक स्कॉर्पियो कार, एटीएम कार्ड और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह जयपुर के पॉश इलाकों में चाय की थड़ियों पर बैठकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को पैसों का लालच देता था। आरोपित कमीशन का लालच देकर छात्रों और सीधे-सादे लोगों से उनके बैंक खाते किराए पर लेते थे। इसके बाद ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी वेबसाइट्स के जरिए लोगों से ठगी गई राशि इन खातों में डलवाकर एटीएम से तुरंत कैश निकलवा लेते थे।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा ने बताया कि 25 सितंबर को महेश नगर थाने में रेस्टोरेंट संचालक सत्येंद्र कुमार मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आदिल नाम का एक युवक पिछले 3-4 महीनों से उनके रेस्टोरेंट में आता था। जान-पहचान बनने पर आदिल ने उनका अकाउंट नंबर ले लिया और उसमें साइबर फ्रॉड का पैसा मंगवाने लगा। पीड़ित को इस बात की खबर नहीं थी कि पैसा कहां से आ रहा है। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद जांच -पड़ताल शुरु की । जांच के बाद पुलिस ने आदित्य उर्फ आदिल बागड़िया (27), निवासी बीकानेर, हाल किराएदार अग्रसेन नगर, महेश नगर, हरिदास स्वामी (27), निवासी गांव पालास (चूरू), हाल किराएदार एसएफएस मानसरोवर,लक्ष्मण दास स्वामी (28), निवासी गांव पालास (चूरू), हाल किराएदार एसएफएस मानसरोवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपिताें से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अन्य बैंक खातों का भी खुलासा होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश