home page

ऑपरेशन म्यूल हंटर अभियान: पांच करोड़ की ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन म्यूल हंटर अभियान: पांच करोड़ की ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार


जयपुर, 11 मई (हि.स.)। जयपुर दक्षिण जिला पुलिस की ओर से साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत शिप्रापथ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर ठग और हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित बैंक खाते उपलब्ध करवाकर देशभर में सक्रिय साइबर ठगी सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में बैंक दस्तावेज, नकदी और एक लग्जरी कार बरामद की है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अक्षय कुमार मीणा (28) निवासी कुण्डेरा जिला सवाई माधोपुर हाल मुहाना का रहने वाला है। आरोपित मुहाना थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। हाल ही में अपहरण और मारपीट के मामले में भी वह फरार चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से बरामद चेक बुक और पासबुक के खातों को केंद्रीय साइबर पुलिस पोर्टल 1930 पर जांचा गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से 13 साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन खातों के जरिए करीब 5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया ।

सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर आदित्य काकडे ने बताया कि शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपित अक्षय कुमार मीणा को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 6 लाख रुपये नकद, 22 चेकबुक, 4 पासबुक, 16 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार बरामद की। पुलिस की प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने का काम करता था। अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने ये खाते किन लोगों से खरीदे और इस गिरोह के तार देश के अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों से कैसे जुड़े हुए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश