home page

शिवपुरीः करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

 | 
शिवपुरीः करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार


शिवपुरी, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ के तहत करैरा थाना पुलिस ने सायबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डिजिटल गिरफ्तारी एवं झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल 14 आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है, जिनमें से 10 अभी फरार हैं।

प्रदेश में सायबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने और म्यूल खातों (फर्जी बैंक खातों) के संचालन पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांधी के निर्देशन में जोन स्तर पर म्यूल खाताधारकों के विरुद्ध सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ द्वारा जिले में सायबर जागरूकता एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा, उपनिरीक्षक अभिमन्यु राजावत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

अश्लील चैटिंग से ब्लैकमेल तक

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न मोबाइल एप्लीकेशनों — HIIU, TOKKI, MIKA, ELOELO, GAGA, HANI, SUGO, COMMECTO, HITSU, HONEY, COMET — के माध्यम से लोगों से अश्लील चैट करते थे और उसकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित कर लेते थे। इसके बाद स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बलात्कार जैसे गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी देकर उनसे रकम वसूलते थे।

खाते की जांच से खुला राज

दिनांक 1 मार्च 2026 को थाना करैरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ के तहत खाता धारक शिवकुमारी लोधी के बैंक खाते की जांच की। पूछताछ में सामने आया कि खाते का उपयोग उनके पुत्र अजेन्द्र लोधी एवं अंकेश लोधी कर रहे थे। अजेन्द्र से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह साथियों के साथ मिलकर लोगों को पुलिस अधिकारी बनकर ब्लैकमेल करता था और ठगी की रकम विभिन्न खातों में डलवाता था।

थाना करैरा में अपराध क्रमांक 151/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

प्रिंस राय (24) पुत्र संतोष राय, निवासी टीला थाना करैरा

राहुल लोधी (25) पुत्र रूपसिंह लोधी, निवासी कुचलोन

अजेन्द्र लोधी (25) पुत्र कीरत लोधी, निवासी टीला थाना करैरा

अंकेश लोधी पुत्र कीरत लोधी, निवासी टीला थाना करैरा

जप्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।

शेष आरोपियों की तलाश जारी

प्रकरण में नामजद 14 में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। फरार 10 आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विनोद सिंह छावई, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा, उपनिरीक्षक अभिमन्यु राजावत, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र जाट, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर, उपनिरीक्षक रामानंद पचौरी, सहायक उपनिरीक्षक चरनसिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा