ऑपरेशन मदार्कभ: तीन राज्यों में अफीम तस्करी का नेटवर्क चलाने वाला 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मदार्कभ’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात में अफीम तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर सुखलाल आंजना को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ ने आरोपी को चित्तौड़गढ़ में फिल्मी अंदाज में पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसकी थार गाड़ी सहित पकड़ा। मध्यप्रदेश से एएनटीएफ की ओर से पकड़ा गया यह 11वां बड़ा तस्कर है।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विकास कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई। आरोपी सुखलाल दौसा पुलिस अधीक्षक की ओर से घोषित 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी है और दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुखलाल आंजना (32) पुत्र पोखरलाल आंजना निवासी मल्याबेर खेड़ा, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) केवल आठवीं तक पढ़ा है। खेती में मुनाफा नहीं होने के बाद उसने शराब के ठेके लिए, लेकिन इसमें भारी नुकसान होने से उस पर कर्ज बढ़ गया।
जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने अफीम तस्करी का रास्ता अपना लिया। आरोपी के पिता के नाम पर वैध अफीम खेती का पट्टा था, जिससे उसे अफीम उत्पादन और तस्करी के तरीकों की जानकारी हो गई।
पुलिस के अनुसार सुखलाल अपने खेत की अफीम के अलावा आसपास के किसानों से भी अवैध अफीम एकत्र करता था और फिर कूरियर के जरिए बसों से राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात के तस्करों तक पहुंचाता था। पुलिस से बचने के लिए वह सामान्य कॉल के बजाय केवल व्हाट्सएप कॉल का इस्तेमाल करता था।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में एटीएस गांधीनगर (गुजरात), वर्ष 2025 में मेहंदीपुर बालाजी थाना (दौसा) और वर्ष 2026 में नाहरगढ़ थाना (मध्यप्रदेश) में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि सुखलाल काले रंग की थार गाड़ी से भीलवाड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया है और चित्तौड़गढ़ के रास्ते अपने गांव लौटने वाला है।
सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की। जैसे ही आरोपी की थार गाड़ी नजर आई, टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने गाड़ी को भीलवाड़ा रोड से उदयपुर रोड की तरफ मोड़ा और फिर यू-टर्न लेकर कोटा रोड की ओर भागने का प्रयास किया। लेकिन एएनटीएफ टीम ने निंबाहेड़ा रोड स्थित ओछड़ी टोल नाके के पास घेराबंदी कर गाड़ी रुकवा ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

