home page

ऑपरेशन जागृति: गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन जागृति: गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार


जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। राजधानी में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जागृति’ के तहत जिला दक्षिण जिला विशेष टीम (डीएसटी) और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से कुल 56 ग्राम गांजा और 25,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपिताें से गांजे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर दक्षिण क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में डीएसटी प्रभारी विशंभर दयाल के नेतृत्व में टीम ने पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर दिव्यांश गौतम (29) निवासी इगलास जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) हाल मुहाना जयपुर के कब्जे से 31 ग्राम गांजा तथा रोहिताश्व माथुर (27) निवासी कोतवाली जिला भरतपुर हाल पत्रकार कॉलोनी जयपुर के कब्जे से 25 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा पुलिस ने गांजे की बिक्री से प्राप्त 25,100 रुपये नकद भी जब्त किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से युवाओं और स्थानीय लोगों को अवैध रूप से मादक पदार्थ उपलब्ध करा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाते थे और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश