home page

ऑपरेशन जागृति: विदेशी एमबीबीएस डॉक्टर समेत तीन चरस तस्कर गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन जागृति: विदेशी एमबीबीएस डॉक्टर समेत तीन चरस तस्कर गिरफ्तार


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की दक्षिण जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जागृति’ के तहत कार्रवाई करते हुए चरस तस्करी के आरोप में तीन जनों को गिरफ्तार किया है। डीएसटी दक्षिण और शिप्रापथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपिताें के कब्जे से 1 किलो 13 ग्राम चरस बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कार्पियो भी जब्त की गई है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज (आईपीएस) ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत डीएसटी प्रभारी विशंभर दयाल और शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

जहां पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की घेराबंदी कर तीनों आरोपिताें को पकड़ा। तलाशी में 1 किलो 13 ग्राम अवैध चरस मिली। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कार्पियो भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपिताें में डॉ. मोंटी सिंह (26) भी शामिल है। पुलिस के अनुसार मोंटी सिंह ने विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई की है, लेकिन चिकित्सा क्षेत्र में काम करने के बजाय मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हो गया। पुलिस अब आरोपियों से चरस की खरीद, सप्लाई और बिक्री से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार डॉ. मोंटी सिंह पुत्र हयात सिंह, डिग्री चौराहा टनकपुर रोड, थाना खटीमा, जिला उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) का निवासी है। दूसरा आरोपित रोहित मेहर (26) पुत्र बलवंत सिंह मेहर, ग्राम तिगरी, टनकपुर रोड, थाना चकरपुर, जिला उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) तथा तीसरा आरोपित चंद्रभान सिंह (26) पुत्र सियाराम गुर्जर, ग्राम ताजपुर, पोस्ट कंजौली, थाना बालघाट, जिला करौली का रहने वाला है। पुलिस आरोपिताें से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश