ऑपरेशन ईगल के तहत गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.250 किलो मादक पदार्थ बरामद
बांदा, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ईगल के तहत मरका पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक किलो 250 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने अपराधियों और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 और 17 नवंबर की दरमियानी रात मरका थाना पुलिस यमुना ब्रिज के पास ग्राम असोथर में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपित की पहचान मरका थाना के ग्राम गुजैनी निवासी रावेंद्र उर्फ राजू के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेते हुए आरोपित के खिलाफ थाना मरका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

