ऑपरेशन साइक्लोन: ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क पर साइबर पुलिस ने किए दो सटोरिए गिरफ्तार
जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गेमिंग नेटवर्क के खिलाफ जयपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन साइक्लोन' के तहत साइबर पुलिस और वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करोड़ों रुपए के लेन-देन का हिसाब रखने वाली तीन डायरियां समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।
जयपुर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में साइबर टीम एवं वैशाली नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंकित मेहता (20) निवासी काशीपुरा भीलवाड़ा हाल वैशाली नगर जयपुर और सिद्धार्थ संभव (25) निवासी देवली, टोंक हाल वैशाली नगर, जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन,1 लैपटॉप,3 आईपैड,4 वाईफाई राउटर,7 एटीएम कार्ड,2 चेकबुक,2 पासपोर्ट और हिसाब डायरियां, जिनमें करोड़ों रुपए के लेनदेन का रिकॉर्ड है बरामद किए हैं।
जयपुर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण के अनुसार आरोपियों ने वैशाली नगर स्थित एक किराए के फ्लैट से ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रखा था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को RRREXCH777.COM और TRUBET.COM वेबसाइटों से जुड़े ऑनलाइन सट्टे के कारोबार के सबूत मिले हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टे की आईडी लेकर खुद सट्टा खेलते थे और अन्य लोगों को भी आईडी उपलब्ध करवाकर हार-जीत का खेल खिलाते थे। आरोपी डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों को लालच देकर सट्टेबाजी से जोड़ते थे। इसके बाद विभिन्न बैंक खातों और ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से रकम का लेन-देन किया जाता था। पुलिस ने मौके से डिजिटल साक्ष्य, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की है। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, मास्टरमाइंड और बेनामी खातों की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह, एसआई ईश्वर सिंह, एएसआई मनोज, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल अशोक, विक्रम, साइबर सेल के कांस्टेबल पूरण मल, महिला कांस्टेबल देवकी शर्मा और कांस्टेबल रोशन कुमार सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

