home page

ऑपरेशन 'चक्र' में पश्चिमी जिला पुलिस का बड़ा एक्शन, 72 घंटे में 116 चोरी के वाहन बरामद, 25 आरोपित गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन 'चक्र' में पश्चिमी जिला पुलिस का बड़ा एक्शन, 72 घंटे में 116 चोरी के वाहन बरामद, 25 आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। पश्चिमी जिला पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए गए 72 घंटे के विशेष अभियान 'ऑपरेशन चक्र' में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान 25 वाहन चोरों गिरफ्तार किए गए और 116 चोरी के वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों में 113 दोपहिया, दो तिपहिया और एक चारपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के 116 मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस), सभी थाना पुलिस, स्पेशल स्टाफ और नारकोटिक्स यूनिट ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना, संदिग्ध वाहनों की जांच, नाकाबंदी, परित्यक्त वाहनों का सत्यापन और लगातार गश्त की गई।

पुलिस के अनुसार, बरामद 116 वाहनों में 46 वाहन पश्चिमी जिले से चोरी हुए थे, जबकि 70 वाहन दिल्ली के अन्य जिलों से चोरी किए गए थे। अभियान के दौरान हिस्ट्रीशीटर, जिला बदर अपराधी और कई आदतन वाहन चोरों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें से कई पहले भी अनेक आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। यूनिट वार कार्रवाई में एएटीएस ने सबसे अधिक 16 वाहन बरामद किए। इसके अलावा स्पेशल स्टाफ ने 10, नारायणा और राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने आठ-आठ, तिलक नगर और पंजाबी बाग थाना पुलिस ने 12-12, विकासपुरी और ख्याला थाना पुलिस ने 10-10 वाहन बरामद किए। मायापुरी, इंदरपुरी, कीर्ति नगर, हरिनगर, जनकपुरी, मोती नगर और अन्य थाना पुलिस ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन चक्र के तहत वाहन चोरी के हॉटस्पॉट की मैपिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर तकनीकी निगरानी, चोरी के वाहन खरीदने वालों पर छापेमारी, मुखबिर तंत्र का व्यापक इस्तेमाल और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई। पश्चिमी जिला पुलिस का कहना है कि यह अभियान संगठित वाहन चोरी गिरोहों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी