home page

फर्रुखाबाद में 10.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी में बैंक खाते किराये पर देने वाला आरोपी गिरफ्तार

 | 
फर्रुखाबाद में 10.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी में बैंक खाते किराये पर देने वाला आरोपी गिरफ्तार


फर्रुखाबाद,13 नवंबर (हि.स.)। ऑनलाइन खरीदारी में सस्ते सामान का लालच देकर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले साइबर ठगों के नेटवर्क का राजेपुर पुलिस ने शुक्रवार काे पर्दाफाश किया है। इसके अलावा साइबर अपराधियाें काे बैंक खाते किराये पर देने वाला आरोपित भी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने दावा किया है कि जस्ट डायल पर सीमेंट, गेहूं, चीनी, काजू-बादाम और कोल्ड ड्रिंक समेत विभिन्न सामानों के फर्जी विज्ञापन देकर ग्राहकों को जाल में फंसाकर उनसे ठगी की जाती थी। पुलिस की जांच में पांच बैंक खातों के माध्यम से छह शिकायतों में कुल 10 लाख 87 हजार 488 रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।

राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को पुलिस को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान सूचना पर हरिहरपुर निवासी करन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने आरोपित से जुड़े बैंक खातों की पड़ताल की तो ठगी के बड़े खेल की परतें खुलने लगीं।

जांच में सामने आया कि आरोपित के पांच अलग-अलग बैंक खातों के विरुद्ध कुल छह साइबर शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों के माध्यम से 10,87,488 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराता था। इन खातों में ठगी से प्राप्त रकम जमा कराई जाती थी।

आराेपित ने स्वीकारा कि गिरोह के सदस्य जस्ट डायल पर सीमेंट, गेहूं, चीनी, काजू-बादाम और कोल्ड ड्रिंक समेत कई सामानों के आकर्षक विज्ञापन डालते थे। इन उत्पादों को बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचने का दावा किया जाता था। ग्राहकों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी दस्तावेजों का भी सहारा लिया जाता था। कम कीमत देखकर जब ग्राहक सामान खरीदने के लिए संपर्क करते तो उनसे एडवांस भुगतान के नाम पर रुपये जमा करा लिए जाते थे। इसके लिए उसके द्वारा उपलब्ध कराये गये बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। रकम खाते में पहुंचते ही ग्राहक ठगी का शिकार हो जाते थे। उन्हें न तो वादा किया गया सामान मिलता था और न ही जमा की गई रकम वापस की जाती थी। इस पूरे खेल में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला आरोपित साइबर ठगों के लिए अहम कड़ी बना हुआ था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेनदेन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि गिरफ्तार करन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पश्चिम बंगाल के पूर्बा बर्धमान जिले के थाना मेमारी में भी ठगी का मुकदमा दर्ज है। राजेपुर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर