पीजी कालेज मैदान में कार के भीतर चल रहा था आनलाइन आईपीएल सट्टा, दो आरोपित गिरफ्तार
धमतरी पुलिस की कार्रवाई, लाखों के मोबाइल, कार और नगदी जब्त
धमतरी, 23 मई (हि.स.)। आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर शिकंजा कसते हुए धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने पीजी कालेज मैदान में कार के भीतर मोबाइल ऐप के जरिए आनलाइन आईपीएल सट्टा खेलते दो आरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से महंगे मोबाइल फोन, नगदी और कार सहित लगभग पांच लाख 40 हजार 200 रुपये जब्त किए हैं।
जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और आनलाइन सट्टा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान अंबेडकर चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि पीजी कालेज मैदान में खड़ी कार के भीतर दो युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग भाग निकले, जबकि कार में बैठे दो युवकों को मोबाइल पर सट्टा खेलते पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान अमीत वाधवानी निवासी अर्जुन रेसिडेंसी शांति कॉलोनी धमतरी तथा विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू निवासी झूलेलाल नगर धमतरी के रूप में हुई। जांच के दौरान आरोपितों के मोबाइल में आनलाइन सट्टा प्लेटफार्म संचालित होना पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपित आईपीएल मैचों में हार-जीत पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर आनलाइन लेनदेन कर रहे थे। पूछताछ में दोनों ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार की। पुलिस ने दो आईफोन सहित चार मोबाइल नगदी 52 सौ रुपये एक कार जब्त किया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम तथा बीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस अब आरोपितों के मोबाइल फोन, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और आनलाइन ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण कर रही है। साथ ही आनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

