ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह चलाने वाले गिराेह के पांच अभियुक्त गिरफ्तार
कानपुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में आईपीएल मैचों के दौरान मोबाइल एप के जरिए संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक संगठित गिरोह का पुलिस ने मंगलवार काे भंडाफोड़ किया है। फजलगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से गिराेह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दादानगर ढाल से कंटेनर यार्ड जाने वाले रास्ते पर एक काली स्कार्पियो में बैठे कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और वाहन में बैठे पांच लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपितों में मेरठ निवासी अभिषेक मित्तल, अनन्य वत्स व शुभम विजय, गाजियाबाद निवासी सौरभ गुप्ता तथा कानपुर निवासी अभिषेक जैन शामिल हैं। सभी आरोपित अलग-अलग शहरों से जुड़े हुए हैं और मिलकर संगठित तरीके से सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपितों के पास से पंद्रह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, सट्टेबाजी से संबंधित हिसाब-किताब का रजिस्टर तथा एक लाख चार हजार तीन सौ रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त काली स्कार्पियो गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जांच में सामने आया कि आरोपित मोबाइल एप्लीकेशन, वेबसाइट और मैसेजिंग माध्यमों के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवाते और विभिन्न लोगों से धनराशि एकत्र करते थे। पुलिस को मोबाइल फोन से चैट, लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

