ऑनलाइन ठगी गिरोह का पर्दाफाश, आठ गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 12 अप्रैल (हि. स.)। शहर में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी के मामलों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर प्रधाननगर थाना पुलिस ने निवेदिता रोड के पास एक किराए के घर में छापेमारी कर एक बड़े क्रिप्टो फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में अलीपुरद्वार और दार्जिलिंग जिले के कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम राकेश मजूमदार (30), प्रेम भद्रा (24), राजकुमार चौधरी (26), अनीश चौधरी (22), विवेक प्रधान (26), मो. मोइनुद्दीन (26), मनीष चौधरी (24) और रोहन चौधरी (25) है। इनमें से अधिकांश अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और जयगांव के निवासी है। रविवार को डीसीपी (ट्रैफिक) काज़ीशम्सुद्दीन अहमद ने पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।
बताया गया है कि पुलिस ने आरोपितों के पास से 58 एटीएम कार्ड, 18 पासबुक, आठ चेकबुक और 10 मोबाइल फोन बरामद किए है। इन मोबाइल फोन से कई अहम सुराग भी मिले है, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

