home page

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

 | 
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार


नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। बाहरी जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2.82 लाख रुपये नकद, 24 एटीएम कार्ड, 12 बैंक पासबुक, चार मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और 24 स्पाइरल नोटपैड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, तीन और चार मई की दरम्यानी रात एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल को सूचना मिली थी कि पश्चिम विहार इलाके में अवैध रूप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी कराई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बाद इंस्पेक्टर रितेश राज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को रंगे हाथ दबोच लिया। उनकी पहचान रोहित नागर (30) और विनय कुमार (22) के रूप में हुई है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने मंगलवार को बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवा रहे थे और इसके लिए अलग-अलग बैंक खातों व एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। मौके से बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने से पुलिस को संगठित नेटवर्क होने की आशंका है। इस संबंध में पश्चिम विहार ईस्ट थाना में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धाराओं 3/4 के तहत एफआईआर संख्या 119/2026 दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद बैंक खातों, मोबाइल फोन और लैपटॉप के डेटा की जांच की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और इनके जरिए कितने लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी