इंदौर में पकड़ाया ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, 7 गिरफ्तार, करोड़ों के लेनदेन का खुलासा
इंदौर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सर्वर बेस्ड सिस्टम के जरिए लंबे समय से अवैध सट्टा कारोबार चला रहे थे।
एडीशनल डीसीपी मीना चौहान ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उषा नगर स्थित सांई नयन अपार्टमेंट में दबिश देकर शशांक अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, निखिल कौशल, शुभम कौशल, जतिन शर्मा, अर्पित तिवारी और प्रियांश जैन को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी शिवपुरी और गुना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, 3 लैपटॉप, 39 मोबाइल फोन और सट्टेबाजी से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। इसके साथ ही कई फर्जी आईडी, बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिनमें करोड़ों रुपए के अवैध लेनदेन का खुलासा हुआ है।
जांच में सामने आया है कि पूरा नेटवर्क दिल्ली और मुंबई बेस्ड डायमंड सर्वर के जरिए ऑपरेट हो रहा था। आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और बैंक खातों के माध्यम से पैसे का लेनदेन करते थे और सट्टेबाजी के लिए विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करते थे। प्रारंभिक जांच में इस रैकेट के तार दिल्ली के अलावा दुबई तक जुड़े होने की बात सामने आई है। इससे अंदेशा है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय था। क्राइम ब्रांच अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

