यूएई–नेपाल से जुड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह के पांच आराेपित गिरफ्तार
जयपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जयपुर में चित्रकूट थाना पुलिस ने ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग सट्टा मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल से जुड़े होने के संकेत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि अभियान के तहत ऑनलाइन सट्टा संचालन के आरोप में अनूप पारिक (22) निवासी परबतसर नागौर, अब्दुल करीब (25) निवासी नागौर, सिद्धार्थ पारीक (22) निवासी सुजानगढ़ जिला चूरू, श्रवण कुमार (25) निवासी डेगाना जिला नागौर तथा सुनील कुमार (26) निवासी नागौर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टे में उपयोग किए जा रहे कई उपकरण बरामद किए हैं। इनमें 83 हजार रुपए नकद, 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक आईपैड, नौ पासबुक, 12 एटीएम कार्ड और तीन क्रेडिट कार्ड शामिल हैं। पुलिस को करोड़ों रुपए की साइबर ठगी और अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड माध्यमों का उपयोग कर सट्टा संचालन करते थे और अवैध धनराशि का लेन-देन करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
थानाधिकारी प्रभु सिंह ने बताया कि ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 के तहत तकनीकी सर्विलांस, डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर इस संगठित अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल के कॉन्स्टेबल पूरणमल की विशेष भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

