home page

जांजगीर-चांपा में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपित गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 14 सितम्बर (हि. स.)। साइबर जागृति अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज सोमवार को ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े अंतरजिला और स्थानीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य एडमिन समेत कुल 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।आरोपितों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप चैट समेत कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस को जांच के दौरान खातों में 30 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन के प्रमाण मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, साइबर थाना जांजगीर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव उर्फ सोनू अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद साइबर थाना पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में तत्काल रेड कार्रवाई की और हेमलाल यादव को हिरासत में लिया।

पूछताछ में हेमलाल यादव ने पुलिस को बताया कि, वह ऑनलाइन सट्टा गेम से जुड़ा हुआ है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि उसे इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपित के मेमोरेंडम के आधार पर मुख्य संचालक शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में शैलेंद्र कुमार शर्मा ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सऐप के माध्यम से अन्य लोगों तक पहुंचाता था। यह नेटवर्क कथित तौर पर मार्केटिंग मॉडल की तरह संचालित किया जा रहा था। इसमें नीचे नए लोगों को लिंक के माध्यम से जोड़ने पर एडमिन को कमीशन मिलता था। जब नेटवर्क से जुड़े लोग ऑनलाइन सट्टे में रकम लगाते थे, तब ऊपर के स्तर पर जुड़े एडमिन को भी कमीशन प्राप्त होता था।

शैलेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने महेश प्रसाद राठौर, राकेश कुमार राठौर, दुर्गेश कुमार राठौर और हीरालाल यादव को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके मोबाइल फोन की जांच के दौरान ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट और चैट से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि शैलेंद्र कुमार शर्मा अब तक करीब 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेल चुका था। पुलिस के मुताबिक उसने लिंक के माध्यम से कई अन्य लोगों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा था और ऑनलाइन सट्टे में लाखों रुपये गंवाए थे।

पुलिस जांच में ऑनलाइन सट्टे के लिए पैसों के लेनदेन का हाईटेक तरीका इस्तेमाल किए जाने के प्रमाण भी मिले हैं। आरोपितों के बीच व्हाट्सऐप चैट के साथ डिजिटल एसेट (क्रिप्टोकरेंसी) के माध्यम से भी पैसों का आदान-प्रदान किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपितों के बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच में करीब 30 लाख रुपये से अधिक का ट्रांजेक्शन पाए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और दूसरे राज्यों से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी गहनता से जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में हेमलाल यादव उर्फ सोनू (47), निवासी न्यू चंदनियापारा लिंक रोड जांजगीर; शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू (45), निवासी शंकर विहार कॉलोनी लिंक रोड जांजगीर; महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश (47), निवासी न्यू चंदनियापारा वार्ड नंबर 7 जांजगीर; राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू (45), निवासी हरियाली हेरिटेज के बगल अकलतरा रोड जांजगीर; दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु (45), निवासी पुराना चंदनियापारा लिंक रोड जांजगीर; और हीरालाल यादव (47), निवासी न्यू चंदनियापारा लिंक रोड जांजगीर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपितों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, वे किसी भी तरह के ऑनलाइन सट्टा-जुआ, संदिग्ध ऐप, APK फाइल या ऑनलाइन कमाई के लालच में न आएं। पुलिस ने विशेष रूप से लोगों को अनजान लिंक और APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी है। साइबर जागृति अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन सट्टा और साइबर ठगी से बचने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टा कारोबार और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT