home page

छग : आनलाइन सट्टा गिरोह पर मुम्बई तथा भवानीपटना में कमिश्नरेट पुलिस की दबिश, 20 आरोपित गिरफ्तार, 3 पैनल नेटवर्क ध्वस्त

 | 
छग : आनलाइन सट्टा गिरोह पर मुम्बई तथा भवानीपटना में कमिश्नरेट पुलिस की दबिश, 20 आरोपित गिरफ्तार, 3 पैनल नेटवर्क ध्वस्त


छग : आनलाइन सट्टा गिरोह पर मुम्बई तथा भवानीपटना में कमिश्नरेट पुलिस की दबिश, 20 आरोपित गिरफ्तार, 3 पैनल नेटवर्क ध्वस्त


रायपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आईपीएल के दौरान सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर, मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में दबिश देकर कुल 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सट्टा संचालन के तीन बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। यह गिरोह पिछले एक साल से ऑनलाइन बैटिंग ऐप्स के जरिए सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की निगरानी में यह पूरी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों द्वारा इस संबंध में आज मीडिया को जानकारी देते हुए बताया गया कि 13 अप्रैल 2026 को एंटी क्राइम और साइबर यूनिट को सूचना मिली कि, गंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति कार में बैठकर मोबाइल के जरिए आईपीएल सट्टा चला रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपित मनदीप सिंह को पकड़ा। मोबाइल जांच में सामने आया कि वह ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए आईडी बनाकर सट्टा संचालित कर रहा था। पूछताछ में उसने अपने साथियों और देश के अलग-अलग शहरों में फैले नेटवर्क का खुलासा किया। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में छापेमारी की।

आरोपित मनदीप सिंह द्वारा बताया गया कि, कमलेश देवांगन निवासी चंगोराभाठा डी डी नगर रायपुर कलेक्शन का कार्य करता है। जिस पर आरोपित कमलेश देवांगन की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। मौके से उससे नगदी रकम 20,000 रुपये जब्त किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि, मुम्बई में हर्ष नागदेव अपने साथियों के साथ मिलकर बजरंग ग्रुप एप का संचालन कर रहा है। साथ ही साथ दुर्ग के हरीश नायक और सन्नी देवांगन उडीसा में रह रहे खुमान साहू के साथ मिलकर उडीसा के भवानीपटना में रेड्डी पैनल का संचालन कर रहे है। उपरोक्त जानकारी पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रेड कार्यवाही की गई।

रायपुर से गिरफ्तार आरोपित -

1. मनदीप सिंह निवासी टाटीबंध रायपुर।

2. कमलेश देवांगन निवासी न्यू चंगोराभाठा रायपुर।

मुम्बई से गिरफ्तार आरोपित -

1. धरम राज निवासी ग्राम बीटाल बालोद (छ.ग.)।

2. फत्ते सिंह यादव निवासी ग्राम बीटाल बालोद (छ.ग.)।

3. कुनाल भोई निवासी महासमुंद (छ.ग.)।

4. शत्रुघन कुमार कोमरे निवासी ग्राम हितकसा बालोद (छ.ग.)।

5. सुनील कुमार कोमरे निवासी ग्राम बीटाल बालोद (छ.ग.)।

6. तुलसी दास उर्फ प्रिंस निवासी ग्राम सिलौण्डी उमरिया (म.प्र.)।

7. शुभम शीतलानी निवासी रतनपुर बिलासपुर (छ.ग.)।

8. हर्ष नागदेव निवासी मौदहापारा रायपुर (छ.ग.)।

9. सुशील कुमार पासवान निवासी ग्राम डेण्डा (उ.प्र.)।

उडीसा से गिरफ्तार आरोपित-

1. खुमान साहू निवासी सिकोला बस्ती जिला दुर्ग।

2. गौरव राय निवासी छावनी जिला दुर्ग।

3. शुभम उईके निवासी जयंती नगर दुर्ग।

4. आकाश सागर निवासी रायपुर नाका दुर्ग।

5. किशन कुमार निवासी खुर्सीपार दुर्ग।

6. अभिषेक कुमार भारती निवासी खुर्सीपार दुर्ग।

7. विनय कुमार निवासी खुर्सीपार दुर्ग।

दुर्ग से गिरफ्तार आरोपित-

1. हरीश नायक उर्फ भोला निवासी सिकोला बस्ती दुर्ग।

2. सन्नी देवांगन निवासी धनोरा दुर्ग।

पूरी कार्रवाई में पुलिस ने 10 नग लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, 3 एलईडी, 3 वाईफाई राउटर, 1 कार और सट्टा का हिसाब-किताब कापी एवं 1 लाख 95 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया है कि, आरोपित म्यूल खातों के जरिए पैसे का लेन-देन करते थे। बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का पता चला है। पुलिस अब वित्तीय जांच के जरिए पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों का संबंध छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और ओडिशा से भी है। पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है और जल्द और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपितों को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर