home page

नवादा में बाइक सटने के विवाद पांचू गढ़ के युवक की गोली मारकर हत्या, हिसुआ-नवादा पथ जाम

 | 
नवादा में बाइक सटने के विवाद पांचू गढ़ के युवक की गोली मारकर हत्या, हिसुआ-नवादा पथ जाम


नवादा,01 सितंबर (हि.स.)।न वादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया। बाइक सटने को लेकर हुए विवाद के बाद दर्जनों हथियारबंद अपराधियों ने पांचू गढ़ मुहल्ले में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में 22 वर्षीय युवक प्रणय कुमार भारती की मौत हो गई, जबकि इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना हिसुआ के टीएस कॉलेज के समीप की है। बताया जा रहा है कि वहां किसी वाहन में बाइक सटने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि कुछ ही देर बाद बगोदर ग्राम के बताए जा रहे दो दर्जन से अधिक युवक हथियारों से लैस होकर चार पहिया वाहनों से पांचू गढ़ मुहल्ले पहुंचे और उत्पात मचाने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने मुहल्ले में पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पांचू गढ़ निवासी मनीष भारती के 22 वर्षीय पुत्र प्रणय कुमार भारती को गोली लग गई। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर नवादा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

तीन वाहन जब्त, आक्रोशित लोगों ने किया क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक स्कॉर्पियो, एक ब्रेजा कार और एक बुलेट बाइक को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि ये सभी वाहन हमलावरों के ही हैं। जब्ती के दौरान आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सभी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

बाजार बंद, सड़क जाम - तनावपूर्ण स्थिति

घटना के बाद पूरे हिसुआ बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। आक्रोशित लोगों ने हिसुआ में पीएनबी बैंक के समीप हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

मृतक के चाचा जैकी कुमार ने आरोप लगाया है कि बगोदर ग्राम के नीरज कुमार उर्फ कारू डॉन एवं पोचाड़ी डॉन समेत उनके गैंग के दो दर्जन से अधिक लोग हथियार लेकर मुहल्ले में आए थे और फायरिंग की।

इस संबंध में हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर छापेमारी कर रही है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन