पेड़ से लटका मिला पुजारी का शव, हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की आशंका
नवादा, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मटूकबिगहा गांव के पास सोमवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रुपौ थाना क्षेत्र के निवासी संजय पंडित के रूप में की गई है। वे पेशे से पुजारी बताए जाते हैं। दीपावली के अवसर पर वे अपने ननिहाल आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ग्रामीणों की नजर गांव के पास एक पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना हिसुआ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों द्वारा इसे सामान्य आत्महत्या न मानते हुए हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

