नवादा के खनवां स्कूल परिसर में नाबालिग का शव मिला, दो युवक हिरासत में
नवादा, 18 अगस्त (हि.स.)। नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के खनवां स्थित स्कूल परिसर के बरामदे में मंगलवार को 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिला मुख्यालय से पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।मृतक खनवां निवासी विलोचन सिंह के 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार है।
परिजन के अनुसार गोलू मानसिक रूप से कुछ कमजोर था और अपने साथी के साथ घर से निकला था। दोपहर करीब दो बजे एक युवक ने परिवार को सूचना दी कि गोलू स्कूल परिसर में गिरा हुआ है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उसे मृत अवस्था में पाया।
मृतक के पिता विलोचन सिंह ने बताया कि गोलू के सिर और गाल पर चोट के निशान थे तथा खून भी निकला हुआ था। उन्होंने आशंका जताई कि उसके साथियों ने उसकी हत्या की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

