नवादा के सिरदला में अधजला शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
नवादा, 28 सितंबर (हि.स.)। नवादा जिले के परनाडाबर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर के समीप सोमवार को बगीचे में बिना पानी वाले कम गहरे कुएं से अधजला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रजौली डीएसपी केतन अशोक इंगोले, सिरदला बीडीओ अमित कुमार और परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन जुट गए।
रजौली डीएसपी केतन अशोक इंगोले ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव पानी रहित कुएं में पड़ा है। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में मृतक की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के चंदाबारा गांव निवासी 20 वर्षीय सूफी चौहान के रूप में हुई।
मृतक के पिता महेंद्र चौहान ने बताया कि उनका बेटा रविवार को घर से बिना किसी को बताए निकला था। रविवार शाम करीब तीन बजे से उसका मोबाइल फोन बंद बता रहा था। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने उसके लापता होने को लेकर किसी थाने में आवेदन नहीं दिया था। सोमवार को परनाडाबर थाना क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अपने बेटे सूफी चौहान के रूप में की।
पिता महेंद्र चौहान ने बेटे की मौत को लेकर उसके ससुराल पक्ष पर भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सूफी की शादी करीब छह माह पहले पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मठ महेशपुर गांव में हुई थी। शादी के बाद पत्नी से विवाद था। जिस कारण हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की पुलिस पुलिस जांच कर रही है।। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
नवादा से पहुंची फॉरेंसिक और डीआईओ टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा से फॉरेंसिक टीम और डीआईओ टीम घटनास्थल पर पहुंची। दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाके की भी जांच कर रही है।
200 मीटर दूर मिली बाइक
घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार बाइक की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर समेत पहचान से जुड़े हिस्सों को खरोंचने का प्रयास किया गया है। पुलिस बाइक के मालिक और घटना से उसके संबंध की जांच कर रही है।
डीएसपी केतन अशोक इंगोले ने बताया कि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। फॉरेंसिक और डीआईओ टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी बिंदुओं की जांच कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

