home page

नवादा के सिरदला में पटवन विवाद के बाद आहर में डूबे किशोर की मौत

 | 
नवादा के सिरदला में पटवन विवाद के बाद आहर में डूबे किशोर की मौत


नवादा,21 अगस्त (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के बढ़ीबीघा और नाद गांव के बीच खेत पटवन के पानी को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद के आहर में डूबे 16 वर्षीय प्रिंस कुमार की मौत हो गई। मृतक बढ़ी बीघा गांव निवासी रामविलास यादव का पुत्र था। आहर का जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने काफी खोजबीन कर प्रिंस को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अजय चौधरी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बढ़ी बीघा गांव के दलजीत सिंह आहर से खेतों में पटवन के लिए पानी दिया जा रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक पानी वितरण के लिए पहले से समय निर्धारित था और उसी व्यवस्था के अनुसार पानी खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान बढ़ी बीघा गांव के कुछ लोग अपने खेतों में पानी देखने पहुंचे थे। आरोप है कि नाद गांव से भी बड़ी संख्या में लोग आहर के पास पहुंचे और वहां बने पुल की ईंट को कावड़ने लगे। मना करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में बढ़ी बीघा गांव निवासी शिवकुमार यादव,संजय यादव व दो अन्य घायल हुए, जिन्हें सिरदला पीएचसी में भर्ती कराया गया।

इसी बीच प्रिंस कुमार को आहार में डूबने की बात कही गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक आहर में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से आहर का पानी काटकर जलस्तर कम करने का प्रयास शुरू किया गया। पानी घटने के बाद ग्रामीणों ने दोबारा खोजबीन की और प्रिंस को शव निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी। वहीं घटना की सूचना पर चलंत फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मामले की जानकारी मिलने पर रजौली डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर भी सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए घटना की पुष्टि की।

थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि पंचनामा तैयार करने के बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में नाद गांव के दो लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन