राजगढ़ः पुराने प्लॉट विवाद में एएसआई ने चलाई गोलियां, एक की मौत और दो घायल
राजगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र की इकलेरा चौकी अंतर्गत ग्राम बिरालखेड़ी रोड पर रविवार दोपहर पुराने प्लॉट के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि शाजापुर जिले में एएसआई के पद पर पदस्थ बताए जा रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 12 बोर की बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, ग्राम इकलेरा निवासी दीपक (35) पुत्र कन्हैयालाल जाटव, मुकेश (40) पुत्र प्रेमनारायण जाटव और सतीश (32) पुत्र रतनलाल जाटव का पुराने प्लॉट के विवाद को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया और फायरिंग की घटना हो गई। गोली लगने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुकेश और सतीश घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शुजालपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में मुख्य आरोपित के रूप में दिलीप (45) पुत्र आत्माराम प्रजापति, निवासी इकलेरा का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि दिलीप पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर पदस्थ है और उसकी तैनाती शाजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण पुराना प्लॉट विवाद सामने आया है। पुलिस फायरिंग में प्रयुक्त बंदूक, घटना के कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

