home page

झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से महिला की मौत, क्लीनिक में जमकर हंगामा

 | 
झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से महिला की मौत, क्लीनिक में जमकर हंगामा


नवादा, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

परिजनों ने क्लीनिक संचालक डॉ. सुभाष कुमार पर गलत दवा देने और इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक में तोड़फोड़ की। आक्रोशित लोगों ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित चिकित्सक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। घटना के बाद से क्लीनिक संचालक फरार बताया जा रहा है।

मृतका की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के छोटकी तेतरिया गांव निवासी उपेंद्र कुमार की पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता मनोज प्रसाद ने क्लीनिक संचालक डॉ. सुभाष कुमार के खिलाफ मेसकौर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि सीमा कुमारी को अचानक पेट में दर्द होने के बाद गर्भावस्था से संबंधित इलाज के लिए मेसकौर स्थित डॉ. सुभाष क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने महिला को जल्द ठीक करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसे दवा दी गई, लेकिन दवा देने के बाद उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय लगातार गिरावट आने लगी। महिला की बिगड़ती हालत देखकर चिकित्सक ने उसे गया ले जाने की सलाह दी और खुद क्लीनिक से चले गए। कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने क्लीनिक पहुंचकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलने पर मेसकौर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया।

इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष जवाहर प्रसाद वर्मा ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। परिजन आरोपित क्लीनिक संचालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन