सिरसा: सडक़ हादसों में एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
सिरसा, 02 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव गिंदड़ा-घोडांवाली के बीच दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक व्यक्ति की पहचान सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि हादसा बुधवार रात गांव गिंदड़ा से घोड़ांवाली के बीच हुआ। गौरव घोड़ांवाली से गिदड़ा की ओर जा रहा था, जबकि सुरेंद्र गिंदड़ा से घोडांवाली गांव की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में पहुंचाया जहां उपचार के दौरान सुरेंद्र कुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गौरव का इलाज चल रहा है। गुरुवार को सुरेंद्र के शव का सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, गांव दड़बा कलां बस स्टैंड के पास लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली व पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसा गुरुवार अल सुबह हुआ। लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मुख्य मार्ग से गुजर रही थी तभी सामने से आ रही एक पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

