गांजा समेत एक तस्कर गिरफ्तार
| Jun 14, 2026, 14:15 IST
गुवाहाटी, 14 जून (हि.स.)। गुवाहाटी महानगर की वशिष्ठ पुलिस ने गांजा की तस्करी में शामिल एक तस्कर को गांजा समेत गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान थाना क्षेत्र इलाके से 6 किलोग्राम गांजा समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान हैलाकंदी जिला निवासी आतिक शहादत मजूमदार के रूप में की गई है।
गिरफ्तार आरोपित गुवाहाटी के केराकुची इलाके में किराए के मकान में रहकर गांजा का अवैध धंधा चला रहा था। पुलिस इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित से सघन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

