ऑयल के पाइप से तेल चोरी में लिप्त एक आरोपित गिरफ्तार
तिनसुकिया (असम), 13 जुलाई (हि.स.)। तिनसुकिया पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गेलपोखरी पुलिस चौकी और बारेकुरी थाना की संयुक्त टीम के साथ तड़के छापेमारी कर ऑयल की पाइपलाइन से अवैध रूप से कंडेनसेट चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया है कि कार्रवाई के दौरान अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। फरार आरोपितों की तलाश के साथ मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने मौके से लगभग 1,450 लीटर कंडेनसेट, 50 लीटर क्षमता वाले 25 भरे हुए प्लास्टिक गैलन, 50 लीटर क्षमता वाले 10 खाली प्लास्टिक के गैलन, एक ड्रम, ऑयल की पाइपलाइन से अवैध रूप से जोड़ा गया एक होज़ पाइप, अवैध रूप से कंडेनसेट निकालने में प्रयुक्त एक हस्तनिर्मित फिल्टरिंग उपकरण जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध कंडेनसेट चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

