क्रिप्टोकरेंसी में मुनाफे का लालच देकर व्यापारी से 91.32 लाख की ठगी, कानपुर से एक गिरफ्तार
अनूपपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी में व्यापारी से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर 91 लाख 32 हजार 187 रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। कानपुर से पकड़े गए 46 वर्षीय भोला सिंह को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस इससे पहले यश तोमर और शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, ठगी का शिकार हुए व्यापारी राकेश कुमार अग्रवाल के खाते में अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस कराई जा चुकी है। जांच के दौरान 34 लाख रुपये की रकम होल्ड भी कराई गई है। पुलिस ठगी की शेष रकम वापस कराने और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।
फोन कर दिया भारी मुनाफे का झांसा
जानकारी के अनुसार, व्यापारी को इसी वर्ष जनवरी में अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला था। इससे पहले पीटर पॉल नाम के व्यक्ति ने उन्हें फोन कर क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलने का लालच दिया था। इसके बाद आरोपित ने उन्हें 'Compoundes.top' नाम का लिंक भेजा और उसके माध्यम से ट्रेडिंग खाता खुलवाया।
शुरुआत में व्यापारी से 50 हजार रुपये जमा कराए गए। विश्वास जीतने के लिए उन्हें 72 हजार रुपये वापस भी किए गए। इसके बाद 1.50 लाख रुपये के निवेश पर फर्जी ट्रेडिंग डैशबोर्ड में चार लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इससे व्यापारी को निवेश पर अच्छा लाभ मिलने का भरोसा हो गया।
एक फरवरी तक अलग-अलग किश्तों में भेजे 91 लाख रुपये
मुनाफे के लालच में व्यापारी ने जनवरी से 1 फरवरी के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 91 लाख 32 हजार 187 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने निवेश की गई रकम और कथित मुनाफे को निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद न तो व्यापारी को उनकी मूल रकम मिली और न ही ट्रेडिंग खाते में दिखाया जा रहा मुनाफा प्राप्त हुआ।
34 लाख रुपये की रकम होल्ड, बाकी की तलाश
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने व्यापारी की 34 लाख रुपये की रकम होल्ड कराई है। वहीं, 14 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस कराई जा चुकी है। पुलिस इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के साथ अब कानपुर से पकड़े गए भोला सिंह की भूमिका की भी जांच कर रही है। ठगी की शेष राशि की वापसी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

