हत्या कर झाड़ी में फेंका मिला किसान का शव, गांव में सनसनी
नवादा, 08 अक्टूबर (हि.स.)।नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्ट गांव में किसान भरत चौधरी की हत्या कर शव झाड़ी में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को झाड़ी से शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, भरत चौधरी बुधवार की शाम खेत में पटवन करने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन को चिंता हुई। इसके बाद उनकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने काशीचक थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
इसी बीच गुरुवार को ग्रामीणों की नजर झाड़ी में फेंके गए एक शव पर पड़ी। इसकी सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान भरत चौधरी के रूप में की। शव पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई। मृतक के दाहिने पैर में गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। साक्ष्य जुटाने और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर मामले की गुत्थी सुलझाने में पुलिस की मदद करेगी।
इस संबंध में नवादा की पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

