home page

दोस्त बनकर साइबर ठग ने कारोबारी से 1.49 लाख रुपये ऐंठे, मामला दर्ज

 | 
दोस्त बनकर साइबर ठग ने कारोबारी से 1.49 लाख रुपये ऐंठे, मामला दर्ज


राजगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एक साइबर ठग ने दोस्त बनकर एक कारोबारी को झांसे में लिया और फोनपे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में एक लाख 49 हजार 799 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बांडीखाली निवासी जगदीश शर्मा, जो मंगल इंटरप्राइजेज का संचालन करते हैं, ने शिकायत में बताया कि तीन अगस्त को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनका परिचित बताया। आवाज परिचित लगने पर उन्होंने अपने एक मित्र का नाम लिया, जिस पर आरोपित ने स्वयं को वही व्यक्ति बताकर विश्वास हासिल कर लिया।

शिकायत के अनुसार आरोपित ने कहा कि वह उनके फोनपे खाते में दो लाख रुपये भेज रहा है। कुछ देर बाद उसने संदेश भेजकर राशि ट्रांसफर होने का दावा किया और खाते की पुष्टि किए बिना तत्काल एक लाख रुपये वापस भेजने के लिए कहा। मित्र समझकर उन्होंने बताए गए फोनपे नंबर पर राशि भेज दी।

इसके बाद आरोपित ने अलग-अलग कारण बताते हुए 35 हजार, 20 हजार, 45 हजार, 26 हजार 999 और 22 हजार 800 रुपये भी विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए अपने खाते में जमा करा लिए। जब उसने दोबारा रुपये मांगने शुरू किए, तब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ।

सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, फोनपे खाते और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या ऑनलाइन भुगतान संबंधी दावे पर भरोसा करने से पहले अपने खाते में राशि प्राप्त होने की पुष्टि अवश्य करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक