राजगढ़ः कपड़ों पर केचप डालकर बुजुर्ग सेल्समैन को उलझाया, 1.49 लाख से भरा बैग ले उड़े बदमाश
राजगढ़, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाशों ने 70 वर्षीय सेल्समैन को झांसे में लेकर उसके रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। बदमाशों ने बुजुर्ग के कपड़ों पर टमाटर केचप डालकर झांसे में लिया और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 1 लाख 49 हजार रुपए रखे थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ब्यावरा की कृष्णपुरम कॉलोनी निवासी रामचंद्र उर्फ चंदू यादव बीडी नंबर-2 में सेल्समैन हैं। वे ब्यावरा से बीडी की सप्लाई लेकर खुजनेर में कलेक्शन के लिए आए थे, जो गांधी ट्रेडर्स के सामने वे मौजूद थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके कपड़ों पर गंदगी लगी होने की बात कही। बुजुर्ग ने कपड़ों पर केचप लगा देखा तो बैग एक तरफ रखकर पानी से कपड़े साफ करने लगे। नजर हटते ही बैग गायब रामचंद्र के कपड़े साफ करने में व्यस्त होते ही बदमाश उनका बैग उठाकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद बैग गायब होने का पता चलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बैग में 1 लाख 49 हजार रुपए होना बताया गया है।
पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। रामचंद्र यादव ब्यावरा मंडल अध्यक्ष राजू यादव के पिता बताए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

